आमासिवनी में ₹1 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का विधायक अनुज शर्मा ने किया भूमिपूजन
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम आमासिवनी में ₹1 करोड़ से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में हाई स्कूल भवन, बाजार शेड-चबूतरा और रामजानकी मंदिर परिसर के अधूरे भवन को पूर्ण करना शामिल है। विधायक ने शिक्षा, व्यापार और सांस्कृतिक धरोहरों को प्राथमिकता देने की बात कही।
UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह,रायपुर | धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आमासिवनी में आज क्षेत्रीय विकास को नई गति देने वाले महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा ने ₹1 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में शिक्षा, व्यापारिक सुविधा और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े कार्य शामिल हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 75.23 लाख रुपए की लागत से ग्राम आमासिवनी में हाई स्कूल के नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी और उन्हें दूरस्थ क्षेत्रों में पढ़ाई के लिए जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इसके साथ ही आमासिवनी बाजार में व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 29.35 लाख रुपए की लागत से आधुनिक शेड एवं चबूतरे का निर्माण किया जाएगा। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि अब तक शेड और चबूतरे के अभाव में बाजार में आने वाले किसानों और छोटे व्यापारियों को धूप और बरसात में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, जो अब इस निर्माण के बाद समाप्त हो जाएगी। इससे बाजार व्यवस्था सुदृढ़ होगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अतिरिक्त रामजानकी मंदिर परिसर के पास स्थित अधूरे भवन को 3.26 लाख रुपए की लागत से पूर्ण किया जाएगा। विधायक ने कहा कि रामजानकी मंदिर क्षेत्र की आस्था का केंद्र है और हमारी सरकार की प्राथमिकता केवल सड़कों और भवनों का निर्माण नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक धरोहरों को संवारना भी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी से किया जाएगा। विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और प्रत्येक राशि का उपयोग सीधे जनहित में किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह तो केवल शुरुआत है, आने वाले समय में आमासिवनी सहित पूरे क्षेत्र में और भी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, गोपेश साहू, सुरेश साहू, खेमलाल सेन, मोहन साहू, हिमांशु वर्मा सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने विकास कार्यों की सौगात के लिए विधायक अनुज शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।