बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 में व्यापार, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार का संगम
साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा में आयोजित बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 में व्यापार, लघु उद्योग, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेले में आदर्श दंपतियों का सम्मान, बच्चों की प्रतिभा को मंच, स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर और विविध मनोरंजन कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने हैं।
UNITED NEWS OF ASIA.विशु, बिलासपुर | के साइंस कॉलेज मैदान, सरकंडा में बीएनआई बिलासपुर द्वारा आयोजित व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 शहर के व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। यह मेला 29 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी, व्यापारी और उद्यमी भाग ले रहे हैं। मेले का उद्देश्य केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों को भी सशक्त करना है।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त सुनील जैन ने की। अति विशिष्ट अतिथियों में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एडीएन वाजपेयी, पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सी.के. सरस्वत, सीवी रमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अरविंद तिवारी, सीएमडी कॉलेज के अध्यक्ष संजय दुबे तथा पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष विनोद मेघानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेले की भव्यता, सुव्यवस्थित आयोजन और इसके सामाजिक उद्देश्य की सराहना की।
मेले में रियल एस्टेट, लाइफस्टाइल, शिक्षा, स्वास्थ्य, हॉस्पिटल, स्टार्टअप, लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही रोजगार मेला, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान एवं नेत्रदान शिविर जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजन भी किए जा रहे हैं। बच्चों और परिवारों के लिए 10 से अधिक प्रकार के झूले, फूड स्टॉल और क्राफ्ट बाजार विशेष आकर्षण बने हुए हैं।
शनिवार को मेले का प्रमुख आकर्षण 50 वर्ष का वैवाहिक जीवन पूर्ण कर चुके आदर्श दंपतियों का सम्मान समारोह रहा, जिसमें समाज के प्रेरणादायी दंपतियों को मंच से सम्मानित किया गया। इसी दिन ग्लैमोरा और आईआईएफटी सीजन 3.0 के अंतर्गत रैंप वॉक आयोजित हुआ, जिसमें मिस्टर बिलासपुर, मिस बिलासपुर, मिस कॉन्फिडेंस और बेस्ट मॉडल का चयन किया गया।
रविवार को बच्चों और युवाओं के लिए हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता, इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस शो तथा किड्स स्पेशल एचीवमेंट अवॉर्ड सेरेमनी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीएनआई बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला 2026 व्यापारिक संभावनाओं, सामाजिक सेवा और पारिवारिक मनोरंजन का समन्वित मंच बनकर शहर के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।