गरियाबंद में पति-पत्नी का जंगल में फंदे से लटका शव मिलने से सनसनी

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पति-पत्नी के जंगल में पेड़ों से लटके शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jun 17, 2026 - 18:24
 0  3
गरियाबंद में पति-पत्नी का जंगल में फंदे से लटका शव मिलने से सनसनी

UNITED NEWS OF ASIA. गरियाबंद l गरियाबंद, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति-पत्नी के शव जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके हुए पाए गए। यह घटना पायलीखंड थाना क्षेत्र की है, जिससे पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पायलीखंड निवासी जयराम नागेश (65 वर्ष) और उनकी पत्नी वेदमती (45 वर्ष) दो दिन तक लापता रहे। बाद में मंगलवार देर शाम दोनों के शव घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी यदुराज ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की बात सामने आई है। रविवार दोपहर भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद जयराम नागेश घर से निकल गए और वापस नहीं लौटे। कुछ समय बाद पत्नी वेदमती भी उनके पीछे गई, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला।

पुलिस के अनुसार, यह आशंका जताई जा रही है कि पहले पति ने आत्महत्या की और उसके बाद पत्नी ने भी उसी स्थान पर पहुंचकर अपनी साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।

परिजनों ने बताया कि दंपति के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा। दोनों के दो बेटे हैं, जो शादीशुदा हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, दंपति कई बार घर छोड़कर कुछ समय के लिए चले जाते थे, जिसके कारण उनकी अनुपस्थिति पर पहले ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। लेकिन जब 24 घंटे से अधिक समय तक उनका पता नहीं चला, तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान जंगल में करीब 20 से 30 मीटर की दूरी पर दोनों के शव अलग-अलग पेड़ों से लटके पाए गए, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और कारण है।