ऑपरेशन साइबर शील्ड की बड़ी सफलता: एंड्रॉइड यूजर्स को ठगने वाले दो साइबर अपराधी राजस्थान से गिरफ्तार
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने एंड्रॉइड यूजर्स को फर्जी लिंक भेजकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी Winmate और Wingo जैसे फर्जी ऐप के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खातों से रकम निकालते थे।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | रायपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बनाकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने Winmate और Wingo जैसे फर्जी ऐप के जरिए लोगों के मोबाइल फोन से धोखाधड़ी वाले SMS भेजकर ठगी को अंजाम दिया। आरोपियों द्वारा भेजे गए SMS में फर्जी चालान और बोनस लिंक शामिल होते थे। इन लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता था और बैंक खातों तथा ई-वॉलेट से रकम निकाल ली जाती थी।
इस मामले में प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने थाना विधानसभा में शिकायत दर्ज कराई थी कि RTO echallan नाम से आए SMS के लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से 4.52 लाख रुपए निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर साइबर थाना द्वारा जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गूगल, बैंक, मोबाइल सेवा प्रदाता, यूट्यूब और टेलीग्राम से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर Task Complete, Instant Bonus और गेम खेलने से कमाई जैसे प्रलोभन देकर लोगों को फर्जी ऐप डाउनलोड करवाते थे। ऐप इंस्टॉल होते ही उपयोगकर्ता के मोबाइल नंबर से बड़ी संख्या में फर्जी SMS भेजे जाते थे, जिससे साइबर अपराध को अंजाम दिया जाता था।
साथ ही यह भी सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए सामान खरीदकर अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी करवाते थे। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी पृथ्वी कुमार बिश्नोई और नरसिंह सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खाते जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक Play Store या App Store से ही ऐप डाउनलोड करें और किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।