धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 706 नग अवैध शराब और कार जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
धमतरी जिले के मगरलोड में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 706 नग देशी शराब और एक कार जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 5.72 लाख रुपये बताई गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने मगरलोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 706 नग अवैध देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक रिनाल्ड ट्रायबर कार के जरिए ग्राम बोरसी की ओर अवैध देशी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शराब भट्ठी रोड, गौठान के पास ग्राम बोरसी में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन क्रमांक CG-05-AQ-0938 को रोका।
वाहन की गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर उसमें सवार तीन व्यक्तियों के पास भारी मात्रा में बिना वैध दस्तावेज के अवैध शराब पाई गई। पुलिस ने मौके पर 310 पौवा देशी प्लेन शराब जिसकी कीमत 24,800 रुपये और 396 पौवा देशी मसाला शराब जिसकी कीमत 47,520 रुपये जब्त की। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त रिनाल्ड ट्रायबर कार जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है, उसे भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 706 नग देशी शराब और वाहन सहित 5,72,320 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
मामले में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में केशव दास सोनवानी (24 वर्ष), दुर्गेश सोनवानी (25 वर्ष) दोनों निवासी डांडेसरा हाल निवासी दुधवारा तथा ललित महानंद (24 वर्ष) निवासी चारभाठा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ललित महानंद का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ थाना मगरलोड में वर्ष 2019, 2021 और 2024 में आबकारी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।