एकतरफा प्यार में सनसनी: नाबालिग पर चाकू से हमला, युवक ने खुद जहर पीकर की आत्महत्या की कोशिश
सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम के चलते युवक ने नाबालिग लड़की पर चाकू से जानलेवा हमला किया और बाद में खुद जहर पी लिया। दोनों गंभीर हालत में अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. दिलशाद अहमद, सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्रेम प्रसंग में युवक ने नाबालिग लड़की पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया और इसके बाद खुद भी जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। यह घटना भटगांव थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
हमले में नाबालिग लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई है, वहीं युवक की हालत भी नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला करने के बाद आरोपी युवक भागते समय भी हाथ में चाकू लहराता रहा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक और नाबालिग के बीच पहले से कोई परिचय या बातचीत थी या नहीं। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोगों के बीच आक्रोश व चिंता का माहौल है।