सड़क हादसों का कहर: जांजगीर में मालवाहक पेड़ से टकराया, चालक की मौत, कवर्धा में बाइक भिड़ंत में पांच घायल

जांजगीर-चांपा में बेकाबू मालवाहक के पेड़ से टकराने से चालक की मौके पर मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए, वहीं कवर्धा में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में पांच लोग घायल हुए, दो की हालत गंभीर।

Dec 6, 2025 - 15:09
 0  28
सड़क हादसों का कहर: जांजगीर में मालवाहक पेड़ से टकराया, चालक की मौत, कवर्धा में बाइक भिड़ंत में पांच घायल

 UNITED NEWS OF ASIA. प्रशांत सिंह, प्रदीप गुप्ता, जांजगीर/कवर्धा। छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, शनिवार को प्रदेश के जांजगीर-चांपा और कवर्धा जिलों में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कुल 10 लोग घायल हो गए।

पहली घटना जांजगीर-चांपा जिले के सारागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमरीद के पास हुई, जहां एक बेकाबू मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। इस भीषण हादसे में मालवाहक वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को तत्काल चांपा के बीडी महंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सारागांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, कवर्धा जिले में रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर दशरंगपुर जिला सहकारी बैंक और शासकीय प्राथमिक स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

दोनों बाइकों पर कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से पांच लोग घायल हो गए, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में एक बाइक पर सवार बुजुर्ग महिला को छोड़कर अन्य सभी को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस दोनों ही मामलों में दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।