बसंत पंचमी पर रायपुर में युवाओं को बड़ी सौगात, नालंदा परिसर फेज-2 का भूमिपूजन

बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर रायपुर में 1017 सीटर नालंदा परिसर फेज-2 का भूमिपूजन किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस नए परिसर की सौगात दी, जिसमें आधुनिक अध्ययन सुविधाएं, जिम, स्पोर्ट्स जोन और लाइब्रेरी शामिल हैं।

Jan 25, 2026 - 12:39
 0  10
बसंत पंचमी पर रायपुर में युवाओं को बड़ी सौगात, नालंदा परिसर फेज-2 का भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर रायपुर के युवाओं को शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं से लैस नालंदा परिसर फेज-2 की सौगात मिली। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने जीई रोड स्थित यूथ हब, एनआईटी के सामने इस 1017 सीटर नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया।

भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, विधायक राजेश मूणत सहित कई जनप्रतिनिधियों ने इसे राजधानी के युवाओं के लिए एक बड़ी शिक्षा सौगात बताया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नालंदा परिसर फेज-2 युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सरकार की मजबूत पहल है। इस परिसर में अध्ययन करने वाले युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का नया इतिहास गढ़ेंगे।

नालंदा परिसर फेज-2 में आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया गया है। परिसर में ऑनलाइन और ऑफलाइन लाइब्रेरी, शांत अध्ययन कक्ष, ग्रुप स्टडी सुविधाएं, आधुनिक जिम, स्पोर्ट्स जोन, कैफेटेरिया और को-वर्किंग स्पेस उपलब्ध होंगे। यह परिसर युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, खेल और सामूहिक अध्ययन के लिए भी प्रोत्साहित करेगा।

भूमिपूजन अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को चेक वितरित किए और नालंदा परिसर से पढ़कर चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल शैक्षिक सुधार में योगदान देगी, बल्कि रायपुर को एक आधुनिक और प्रेरक युवा केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।

इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकगण और नागरिकों की भी उपस्थिति रही। नालंदा परिसर फेज-2 की शुरूआत से राजधानी के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा तैयारी और उन्नत अध्ययन वातावरण मिलेगा।

कुल लागत लगभग 21 करोड़ 7 लाख रुपये से बनने वाले इस परिसर का उद्घाटन रायपुर में शिक्षा और युवा विकास के क्षेत्र में एक नई मिसाल बनेगा।