एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी राज्य अल्पसंख्यक आयोग पहुंचे, अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने किया आत्मीय स्वागत
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के छत्तीसगढ़ प्रथम आगमन पर वे रायपुर स्थित राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय पहुंचे, जहां आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
UNITED NEWS OF ASIA . अमृतेश्वर सिंह ,रायपुर | एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी, अध्यक्ष शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी), धर्म प्रचार कमेटी अमृतसर के बलविंदर सिंह कालरा तथा ओएसडी अमृतसर सतबीर सिंह के साथ अपने छत्तीसगढ़ के प्रथम आगमन पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय पहुंचे।
आयोग कार्यालय, रायपुर में आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा द्वारा सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्मृति स्वरूप हरिमंदिर साहिब की सुंदर प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से समाजसेवी एवं छत्तीसगढ़ सिख फोरम के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, जी. एस. भामरा एवं जगजीत सिंह खनूजा सहित समाज के अनेक प्रमुखजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने छत्तीसगढ़ में सिख समाज की गतिविधियों, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही अमृतसर से जुड़ी सिख परंपराओं और प्रदेश स्तर पर समाज के संगठनात्मक कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
आयोग अध्यक्ष द्वारा “वीर बाल दिवस” के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों एवं राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य वीर बाल रैली की जानकारी साझा की गई। इसके साथ ही “हुनर का लंगर” पहल के माध्यम से युवाओं के कौशल विकास तथा स्किल्ड प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आगामी दिनों में और अधिक व्यापक स्तर पर संचालित करने को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय खेल गतका में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बने खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें राजवीर सिंह सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। साथ ही राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मनतृप्त कौर संधू का भी विशेष सम्मान किया गया।
अतिथियों के सम्मान का यह अवसर सामाजिक समरसता, सहयोग तथा सिख समाज की उन्नति के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। इस दौरान यह भी कहा गया कि छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग भविष्य में भी अल्पसंख्यक समुदाय के विशिष्ट एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का सम्मान करता रहेगा, जिससे समाज में सद्भाव, भाईचारा और सकारात्मक वातावरण को निरंतर बढ़ावा मिलता रहे।