रामनगर पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही — स्मैक विक्रय करते युवक को पकड़ा गया
रामनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए स्मैक (ब्राउन शुगर) बेचने की फिराक में घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1.04 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय भेजा गया।
UNITED NEWS OF ASIA.श्याम तिवारी, अनुपपुर | रामनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को स्मैक (ब्राउन शुगर) का अवैध रूप से विक्रय करते हुए गिरफ्तार किया है।
रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक को 12 नवम्बर 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति स्मैक बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। मौके से संदेही युवक को पकड़कर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.04 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
आरोपी की पहचान चंचल गुप्ता उर्फ सनी उर्फ चार्ली पिता गौरी गुप्ता (उम्र 28 वर्ष), निवासी गोपाल पंडाल, थाना रामनगर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से मादक पदार्थ जप्त करते हुए थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 304/25 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही से क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।