रायपुर रेल मंडल में ट्रेनों की सुरक्षित परिचालन को लेकर मंदिरहसौद स्टेशन में संरक्षा सेमिनार आयोजित

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल द्वारा 28 जनवरी 2026 को मंदिरहसौद स्टेशन में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को लेकर संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के 44 कर्मचारियों ने भाग लिया।

Jan 28, 2026 - 17:51
 0  5
रायपुर रेल मंडल में ट्रेनों की सुरक्षित परिचालन को लेकर मंदिरहसौद स्टेशन में संरक्षा सेमिनार आयोजित

UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारू परिचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संरक्षा विभाग द्वारा मंदिरहसौद स्टेशन में एक दिवसीय संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में परिचालन, विद्युत परिचालन, यांत्रिक, सिगनल एवं दूरसंचार तथा इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

संरक्षा सेमिनार के दौरान रेलवे सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें सिग्नल पास्ड एट डेंजर (SPAD) से बचाव एवं उससे संबंधित चेंज करने की कार्यप्रणाली, शंटिंग कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियां, नॉन-इंटरलॉक समपार फाटकों पर कार्यप्रणाली, गाड़ियों की सुरक्षित सेक्योरिंग प्रक्रिया, प्वाइंट्स एवं सिग्नल विफलता की स्थिति में परिचालन एवं सिग्नल कर्मचारियों की भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

इसके अतिरिक्त ट्रैक फिटिंग के रखरखाव, चाबीदार की ड्यूटी एवं जिम्मेदारियों तथा आग से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। सेमिनार के दौरान अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे कर्मचारियों को आपात स्थिति में त्वरित और सही कार्रवाई की जानकारी मिल सके।

इस संरक्षा सेमिनार में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रायपुर  सुरेश चन्द्र एवं सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी  प्रवीण कुमार की विशेष उपस्थिति रही। उनके साथ संरक्षा सलाहकारों ने भी संगोष्ठी में सक्रिय भूमिका निभाई और कर्मचारियों को संरक्षा मानकों के पालन हेतु प्रेरित किया।

रेलवे संरक्षा संगठन रायपुर मंडल द्वारा प्रत्येक माह मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कम से कम दो संरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम करना है।

मंदिरहसौद स्टेशन में आयोजित इस संरक्षा संगोष्ठी में संरक्षा सलाहकारों, सुपरवाइजरों एवं फील्ड कर्मचारियों सहित कुल 44 रेलकर्मियों ने भाग लिया। सेमिनार के माध्यम से कर्मचारियों को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित रेल परिचालन सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक कर्मचारी की सतर्कता एवं सजगता से ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।