लाखों रुपये के मोबाइल चोरी का खुलासा: रायपुर पुलिस ने 2 अंतर्राज्यीय आरोपियों को किया गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने सिलतरा क्षेत्र में मोबाइल शॉप में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए उड़ीसा और महाराष्ट्र के 2 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 3 लाख रुपये कीमत के 19 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव | रायपुर लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और चौकी सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मामला थाना धरसींवा क्षेत्र के सिलतरा स्थित पुराने बस स्टैंड के अटल व्यवसायिक परिसर में संचालित मोबाइल शॉप से जुड़ा है, जहां दुकान के पीछे की दीवार में छेद कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
प्रार्थी हेमंत वर्मा ने 27 नवंबर 2025 को दुकान बंद कर पारिवारिक कार्यक्रम में जाने के बाद 28 नवंबर की सुबह दुकान खोलने पर कई मोबाइल फोन गायब पाए। जांच में दीवार में बड़ा छेद पाया गया, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। इस पर थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 599/25 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन उड़ीसा–आंध्रप्रदेश सीमा के पास ट्रेस की। वहां दबिश देकर भगतराम डोंगरी उर्फ रवि (उड़ीसा निवासी) और मुशीर खान (महाराष्ट्र निवासी) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने सिलतरा के साथ-साथ खमतराई थाना क्षेत्र के गोंदवारा स्थित मोबाइल शॉप में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
आरोपियों के कब्जे से 18 स्मार्टफोन और 1 की-पैड मोबाइल फोन, कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है। रायपुर पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।