कामधेनु विश्वविद्यालय दुर्ग में 29 जनवरी को चतुर्थ दीक्षांत समारोह, राज्यपाल और मुख्यमंत्री होंगे शामिल
दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय दुर्ग में 29 जनवरी 2026 को चतुर्थ दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में 1536 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
UNITED NEWS OF ASIA.भुवाल रोहिताश, दुर्ग | ग्रामीण, छत्तीसगढ़। दाऊ वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा चतुर्थ दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन गुरुवार 29 जनवरी 2026 को पशुचिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय परिसर, अंजोरा में प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। इस गरिमामयी समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति माननीय रमेन डेका अध्यक्षता करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन एवं पशुधन विकास विभाग के मंत्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर दीक्षांत उद्बोधन राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड, आनंद (गुजरात) के अध्यक्ष डॉ. मीनेश सी. शाह द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.आर.बी. सिंह द्वारा उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश दिया जाएगा। समारोह में विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद, प्रशासनिक परिषद एवं विद्या परिषद के सदस्य, कुलसचिव, वित्त अधिकारी, निदेशकगण, अधिष्ठाता, प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहेंगे।
इस दीक्षांत समारोह में कुल 1536 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को पशुचिकित्सा एवं पशुपालन, दुग्ध प्रौद्योगिकी एवं मात्स्यिकी संकाय में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पी.एच.डी. की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 45 मेधावी उपाधि धारकों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।
विशेष रूप से पशुचिकित्सा एवं पशुपालन संकाय के 08 स्नातक उपाधि धारकों को पं. तीरथ प्रसाद मिश्रा मेमोरियल स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अकादमिक परिधान अनिवार्य किया गया है।
कामधेनु विश्वविद्यालय का यह दीक्षांत समारोह न केवल विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि पशुपालन, दुग्ध एवं मत्स्य क्षेत्र में राज्य और देश के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।