आजाद चौक पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब बिक्री करते आर्शद बागवान गिरफ्तार

रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचते हुए आरोपी आर्शद बागवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 35 पौवा देशी शराब और नकद राशि जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

Jan 28, 2026 - 17:55
 0  7
आजाद चौक पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब बिक्री करते आर्शद बागवान गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आजाद चौक थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ईदगाहभाठा, राजा बाड़ा स्थित मैदान के पास अवैध रूप से शराब बेच रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आर्शद बागवान के रूप में हुई है।

थाना आजाद चौक पुलिस को 27 जनवरी 2026 को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्रांतर्गत ईदगाहभाठा, राजा बाड़ा के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी आजाद चौक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम आर्शद बागवान, निवासी आजाद चौक, रायपुर बताया।

पुलिस द्वारा आरोपी के पास रखी बोरी की तलाशी ली गई, जिसमें अवैध रूप से रखी गई देशी शराब पाई गई। जब आरोपी से शराब रखने एवं बेचने के संबंध में वैध दस्तावेजों की मांग की गई, तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 35 पौवा देशी शराब एवं बिक्री की नगद राशि बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके पर ही शराब और नकद राशि को जब्त कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपी आर्शद बागवान को गिरफ्तार कर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 22/26 के तहत धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी आर्शद बागवान पिता स्वर्गीय इलियास बागवान, उम्र 25 वर्ष, निवासी लाखे नगर, ईदगाहभाठा, थाना आजाद चौक, रायपुर का रहने वाला है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है। आजाद चौक पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।