ग्राम जौग में पाँच दिवसीय अखण्ड नवधा रामायण का आयोजन, विधायक दीपेश साहू ने 15.30 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जौग में आयोजित पाँच दिवसीय अखण्ड नवधा रामायण समारोह में विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम में 15.30 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर ग्रामीणों को विकास की सौगात दी।
UNITED NEWS OF ASIA.अरुण पुरेना, बेमेतरा। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जौग में आयोजित पाँच दिवसीय अखण्ड नवधा रामायण समारोह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में किया जा रहा है। इस पावन धार्मिक आयोजन के अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान विधायक साहू ने ग्राम जौग में लगभग 15.30 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर ग्रामवासियों को विकास की सौगात दी।
विधायक दीपेश साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपराओं की आत्मा हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि रामचरित मानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि यह मानव जीवन को सत्य, मर्यादा, कर्तव्य और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला जीवन दर्शन है।
विधायक साहू ने कहा कि ग्राम जौग सहित पूरे बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र का संतुलित और सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
भूमिपूजन के अंतर्गत सी.सी. रोड निर्माण सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा दैनिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के शुभारंभ पर विधायक साहू का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत जौग के सरपंच अश्वनी साहू, मन्नूलाल, लक्ष्मी साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया और ग्राम के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही।