सक्ती–जांजगीर प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सामाजिक, धार्मिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में हुए शामिल

छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सक्ती एवं जांजगीर-चांपा प्रवास के दौरान गुरु घासीदास बाबा जयंती, विकास कार्यों के भूमिपूजन, धार्मिक आयोजनों एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने समानता, समरसता और मानव एकता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।

Jan 25, 2026 - 13:41
 0  8
सक्ती–जांजगीर प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सामाजिक, धार्मिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में हुए शामिल

 UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | जांजगीर/सक्ती/आरंग/रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास) गुरु खुशवंत साहेब जी ने जिला सक्ती एवं जांजगीर-चांपा प्रवास के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने गुरु घासीदास बाबा के विचारों को आत्मसात करने और समाज में समानता व समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया।

प्रवास के दौरान बेलटुकरी में युवा संगठन समिति सतनामी समाज द्वारा आयोजित परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा की जयंती एवं विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन समारोह में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया और बाबा जी को नमन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास बाबा द्वारा दिया गया अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” आज भी सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता का सशक्त आधार है।

मंत्री गुरु साहेब जी ने कहा कि बाबा जी की शिक्षाएं आज के समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उनके विचार समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से बाबा जी के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, समाजजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इसके पश्चात जांजगीर-चांपा प्रवास के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी पूर्व सांसद  कमला देवी पाटले जी के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिवारजनों से आत्मीय भेंट कर कुशलक्षेम जाना और शुभाशीष प्रदान किया। इसके अलावा भाजपा जिला सक्ती उपाध्यक्ष  भुवन भास्कर यादव एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित श्री हरिवंश महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा में भी वे सम्मिलित हुए।

अपने प्रभार जिला सक्ती के झालरौंदा में आयोजित गुरु प्रकाश पर्व एवं गुरु घासीदास बाबा जयंती समारोह में शामिल होकर मंत्री गुरु साहेब जी ने समाज और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास बाबा का सत्य, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश सदैव समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता रहेगा।