चाकू दिखाकर स्कूल छात्रा का अपहरण व छेड़छाड़, रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले में चाकू दिखाकर स्कूल छात्रा का अपहरण कर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी शाकिब खान को महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA.महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़। जिले में बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए गंभीर अपराध में त्वरित कार्रवाई की है। चाकू दिखाकर स्कूल छात्रा का अपहरण कर उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी युवक शाकिब खान (24 वर्ष) निवासी पूरी बगीचा चांदमारी, रायगढ़ को महिला थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जिसमें पीड़ित बालिका की शिकायत पर महिला थाना में अपराध दर्ज किया गया। पीड़िता ने अपने लिखित आवेदन में बताया कि आरोपी पिछले दो वर्षों से उसे लगातार परेशान कर रहा था। वह जबरन बातचीत करता, पीछा करता और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। वर्ष 2023 में भी आरोपी द्वारा छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया गया था, जिससे बालिका भय और तनाव में रहने लगी थी। इस कारण उसके परिजन उसे स्कूल छोड़ने आने-जाने लगे थे।
पीड़िता के अनुसार 26 जनवरी को तबीयत खराब होने के बावजूद वह स्कूल गई थी। गणतंत्र दिवस रैली के दौरान अस्वस्थ महसूस करने पर वह स्कूल में ही रुकी रही और सुबह लगभग 9 बजे शिक्षिका से अनुमति लेकर घर के लिए निकली। इसी दौरान आरोपी सफेद रंग की ईको कार से वहां पहुंचा, चाकू जैसे हथियार से डराया-धमकाया और जबरन गाड़ी में बैठाकर पहाड़ मंदिर मार्ग की ओर ले गया। वहां आरोपी ने गलत नियत से उसके साथ छेड़छाड़ की और दोपहर करीब 1 बजे स्कूल के सामने गली में छोड़कर फरार हो गया। आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने अपने शिक्षक और परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद महिला थाना में अपराध क्रमांक 05/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 74, 75(2), 78, 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामला एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और ईको कार (CG 13 BB 1840) जब्त की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “बालिकाओं से छेड़छाड़, छींटाकशी या किसी भी प्रकार का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।”
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।