‘वीबी जी राम जी’ से गरीबी मुक्त और स्वावलंबी गांव बनाने का संकल्प कर रही सरकार: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘वीबी जी राम जी’ के जरिए मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए सरकार गरीबी मुक्त और स्वावलंबी गांव बनाने की दिशा में काम कर रही है। रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कृषि सुधार, पेस्टीसाइड कानून और भारत-यूरोपीय संघ समझौते पर भी अपनी बात रखी।

Jan 27, 2026 - 14:47
 0  8
‘वीबी जी राम जी’ से गरीबी मुक्त और स्वावलंबी गांव बनाने का संकल्प कर रही सरकार: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केंद्र सरकार ‘वीबी जी राम जी’ के माध्यम से ग्रामीण भारत को गरीबी से मुक्त और स्वावलंबी बनाने का संकल्प तेजी से पूरा कर रही है। इस रिफॉर्म के जरिए मनरेगा की कमियों को दूर किया जा रहा है तथा ग्रामीणों को 125 दिन की रोजगार गारंटी देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

डोंगरगढ़, राजनांदगांव में आयोजित अखिल भारतीय विश्वगुरु जैनाचार्य विद्यासागर समाधि स्मारक महोत्सव में शामिल होने के लिए एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री  चौहान ने रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह बातें कही। उन्होंने बताया कि ‘वीबी जी राम जी’ अधिनियम देशभर में लागू किया जा रहा है, जिससे गांवों में रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को सशक्त किया जा सके।

कृषि मंत्री ने मिलावटी और घटिया कीटनाशकों (पेस्टीसाइड) के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष चलाए गए विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत विभाग तेजी से कार्य कर रहा है। देशभर से घटिया पेस्टीसाइड की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिस पर सरकार गंभीर है। इसे लेकर नया पेस्टीसाइड एक्ट और सीड एक्ट लाने की तैयारी की जा रही है। इन कानूनों को और प्रभावी बनाने के लिए जनता से सुझाव भी लिए जा रहे हैं।

भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुए महत्वपूर्ण समझौते पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह समझौता देश के आर्थिक और कृषि विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना के साथ वैश्विक विकास में योगदान दे रहा है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत की कृषि विकास दर इस समय अभूतपूर्व है और यह हरित क्रांति के दौर से भी तेज गति से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि चावल उत्पादन में भारत विश्व में पहले स्थान पर पहुंच चुका है, जो किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम है।

केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कृषि, ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में और भी बड़े सुधार किए जाएंगे, जिससे गांवों की तस्वीर बदलेगी और ग्रामीण भारत आत्मनिर्भर बनेगा।