महामहिम राष्ट्रपति के समक्ष “रंग पुरवईया बस्तररिया फोक बैंड” की शानदार प्रस्तुति
जगदलपुर में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव में कोंडागांव के “रंग पुरवईया बस्तररिया फोक बैंड” ने महामहिम राष्ट्रपति के समक्ष पारंपरिक बस्तर लोकसंगीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव। जगदलपुर के लालबाग में 7 फरवरी को आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव के अवसर पर कोंडागांव के “रंग पुरवईया बस्तररिया फोक बैंड” ने महामहिम राष्ट्रपति महोदया के समक्ष बस्तर की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक संगीत पर आधारित शानदार प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के समायोजन के साथ बस्तर की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
फोक बैंड की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस ऐतिहासिक अवसर से जिला कोंडागांव के संगीत प्रेमियों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों को आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ।
गौरतलब है कि रंग पुरवईया बस्तररिया फोक बैंड के कलाकारों ने पूर्व में भी विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कोंडागांव जिले का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर फोक बैंड के संचालक सानू मार्कण्डेय, संगीत संयोजक जयकिशन मार्कण्डेय, वरिष्ठ लोकगायक दीपक पोयाम, लोकगायक गोकुल बघेल, ईश्वर गेंडरे, गायिका सनीता मरकाम, कंचन नायक एवं दिनेश्वरी नेताम ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सभी को आकर्षित किया।
संगीत संगत में कमल चौहान, नियाज़ अहमद, दीपक यादव, तेजेन्द्र यादव, बलराम, चन्दन मरकाम एवं ब्रिजलाल मरकाम ने उत्कृष्ट सहयोग प्रदान किया, जिससे संपूर्ण प्रस्तुति और अधिक प्रभावशाली बन गई।
“रंग पुरवईया ठेठ बस्तररिया फोक बैंड” की यह प्रस्तुति बस्तर की लोक-सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय मंच पर गौरवपूर्ण पहचान दिलाने वाली सिद्ध हुई और कलाकारों के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि बनकर सामने आई।