कोरबा में पेयजल संकट से राहत: बंगाली चाल सहित दो वार्डों में 87 लाख के कार्यों का भूमिपूजन
कोरबा के टीपी नगर क्षेत्र स्थित बंगाली चाल में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल की गई है। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने 87 लाख रुपये से अधिक लागत के पेयजल पाइपलाइन विस्तार कार्यों का भूमिपूजन किया।
UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा। टी.पी. नगर जोन के अंतर्गत स्थित बंगाली चाल में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या अब समाप्त होने जा रही है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए सवा 87 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन विस्तार कार्यों की शुरुआत की गई है। इस कार्य का भूमिपूजन प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत के मुख्य आतिथ्य में टैगोर उद्यान, टी.पी. नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 15 में टी.पी. नगर चौक से सुनालिया केनाल ब्रिज, बंगाली चाल तथा महाराजा होटल से पावर हाउस रोड तक 73 लाख 28 हजार रुपये की लागत से डी.आई. पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वहीं वार्ड क्रमांक 09 इमलीडुग्गू क्षेत्र में अशोक घर से पूजा पाण्डेय घर तक बायपास रोड, नागेश ठाकुर घर से आंगनबाड़ी और रेलवे मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर 14 लाख 01 हजार रुपये की लागत से ओ.पी.वी.सी. पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि निगम क्षेत्र के दूरस्थ बस्तियों और मोहल्लों तक पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 36 करोड़ रुपये की लागत से जलप्रदाय विस्तार योजना शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पानी की समस्या से राहत दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
मंत्री देवांगन ने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों में नगर निगम कोरबा क्षेत्र के विकास के लिए 800 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है और आने वाले समय में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन को विकास कार्यों में महत्वपूर्ण बताया।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि बंगाली चाल क्षेत्र में विशेष रूप से गर्मी के मौसम में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न होती थी, जिससे स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उद्योग मंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन से अब इस समस्या का स्थायी समाधान होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड 15 और वार्ड 09 के कई क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षद प्रेमलता बंजारे, राधा महंत, ईश्वर पटेल, मुकुंद सिंह कंवर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।