रायगढ़ में 19 जून को “प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में रायगढ़ में 19 जून को प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ | रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सफल, जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी कार्यकाल के पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला रायगढ़ द्वारा “प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विकसित भारत संकल्प सभा” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 19 जून 2026 (शुक्रवार) को सायं 4 बजे प्रियदर्शी अवधूत भगवान राम ऑडिटोरियम, पंजरीप्लांट रायगढ़ में आयोजित होगा।
इस आयोजन में जिले के प्रबुद्धजन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पत्रकार, आम नागरिक तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की बीते 12 वर्षों की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन मॉडल तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, रायगढ़ नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गभेल, जिला भाजपा संगठन प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर तथा जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार, किसान हितैषी नीतियों, डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना विकास तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान पर विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी। वक्ताओं द्वारा बताया जाएगा कि किस प्रकार बीते 12 वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है।
इसके साथ ही “विकसित भारत” के संकल्प को और अधिक मजबूत करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद कर विकास की आगामी दिशा और संभावनाओं पर भी विचार साझा करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-जागरूकता और विकास के साझा संकल्प को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।