ईस्टर्न स्लैम 2026: रायपुर में जुटेंगे भारत और एशिया के शीर्ष स्क्वैश खिलाड़ी, सिंगापुर के खिलाड़ी भी दिखाएंगे दम
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन द्वारा 22 से 27 जून 2026 तक रायपुर के बुधापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में ईस्टर्न स्लैम 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ सिंगापुर के खिलाड़ी भी भाग लेंगे। टूर्नामेंट को PSA और WSF सैटेलाइट प्रतियोगिता का दर्जा प्राप्त है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में 22 से 27 जून 2026 तक आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 के लिए देश और विदेश के शीर्ष स्क्वैश खिलाड़ी तैयार हैं। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन (CSA) द्वारा स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) एवं एशियन स्क्वैश फेडरेशन (ASF) की मान्यता के तहत आयोजित यह प्रतियोगिता बुधापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में खेली जाएगी। आयोजन को PSA और WSF सैटेलाइट टूर्नामेंट का दर्जा प्राप्त है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
ईस्टर्न स्लैम 2026 में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के साथ पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जूनियर और सीनियर वर्ग की स्पर्धाओं को 5-स्टार राष्ट्रीय रैंकिंग प्रदान की जाएगी, जिससे देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता बेहद महत्वपूर्ण बन गई है।
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट मनोज कुमार अग्रवाल के अनुसार इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा सिंगापुर से भी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और रोमांच दोनों बढ़ेंगे। सिंगापुर के युवा खिलाड़ी ज़े जुन शी अंडर-15 बालक वर्ग में जबकि वीर मल्होत्रा अंडर-17 बालक वर्ग में चुनौती पेश करेंगे।
प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय रैंकिंग प्राप्त खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र होंगे। अंडर-11 बालक वर्ग में राष्ट्रीय रैंक-1 अगस्त्य उप्पल और राष्ट्रीय रैंक-3 विराज वाधवानी भाग लेंगे। अंडर-13 वर्ग में धैर्य गोगिया और आरोन अराम्भन चुनौती पेश करेंगे। अंडर-15 में राष्ट्रीय रैंक-1 ध्रुव बोपन्ना पर सभी की नजरें रहेंगी। अंडर-17 में श्रेयांश झा और अंडर-19 में राष्ट्रीय रैंक-1 आर्यवीर दीवान प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
बालिका वर्ग में भी कई शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। अंडर-11 में राष्ट्रीय रैंक-1 समीक्ष सुकुमार और राष्ट्रीय रैंक-2 गौरवी अजमेरा के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है। अंडर-17 में राष्ट्रीय रैंक-1 सांवी कलंकी और राष्ट्रीय रैंक-3 आद्या बुधिया प्रमुख आकर्षण रहेंगी। वहीं अंडर-19 वर्ग में व्योमिका खंडेलवाल और उन्नति त्रिपाठी अपनी चुनौती पेश करेंगी।
सीनियर वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोमांचक रहने की उम्मीद है। पुरुष वर्ग में राष्ट्रीय रैंक-5 सूरज चंद और राष्ट्रीय रैंक-7 आर्यन प्रताप सिंह भाग लेंगे। महिला वर्ग में उन्नति त्रिपाठी और निरुपमा दुबे प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।
मेजबान छत्तीसगढ़ भी इस प्रतियोगिता में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। राज्य की ओर से 49 खिलाड़ियों का दल भाग लेगा। प्रमुख खिलाड़ियों में अरसलान शेख, रेयांश कुलश्रेष्ठ, अर्चिता बनर्जी, भ्वांजलि मुदलियार और अर्चित सक्सेना शामिल हैं। इसके अलावा ईशभ सुराना, सूर्यांश कुमार, अपूर्व साहू और ऋद्धि गुप्ता से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का संचालन SRFI, ASF और WSF के तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा। भारत के विभिन्न राज्यों के साथ सिंगापुर और मलेशिया से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों की भागीदारी इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान करेगी। ईस्टर्न स्लैम 2026 न केवल छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल को नई पहचान देगा, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी प्रदान करेगा।
“एक कोर्ट, एक जुनून, अनंत गौरव” की थीम पर आयोजित यह प्रतियोगिता देश और एशिया के उभरते स्क्वैश खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण मंच बनने जा रही है।