लोहारा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल, पत्नी और चचेरे भाई गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के थाना लोहारा पुलिस ने हत्या के अंधे कत्ल का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। घरेलू विवाद और अत्यधिक शराब सेवन से परेशान होकर दोनों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

Jul 27, 2026 - 16:54
 0  4
लोहारा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल, पत्नी और चचेरे भाई गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले की लोहारा पुलिस ने हत्या के एक अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद और पति के अत्यधिक शराब सेवन से परेशान होकर दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे तुलेश साहू ने थाना लोहारा पहुंचकर सूचना दी कि उसके पिता महेश साहू का शव बानो रोड स्थित एक दुकान के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान, सिर के पीछे गहरी चोट और शव को घसीटे जाने के संकेत मिले। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। फोरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता से घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया गया और रक्तरंजित पत्थर, कपड़े सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ 25 जुलाई को अपने पति से मिलने आई थी। रात में पति द्वारा अत्यधिक शराब पीने और लगातार विवाद करने से दोनों परेशान हो गए। बाद में लोहारा पहुंचने पर भी विवाद जारी रहने पर दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, ओदराम साहू ने महेश साहू को पकड़ लिया, जबकि नीता साहू ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे घसीटकर छोड़ दिया और स्कूटी से वापस ग्राम चिमरा लौट गए।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, एक्टिवा स्कूटी, वारदात के समय पहने गए कपड़े तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हत्याकांड के सफल खुलासे में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, एफएसएल टीम, राजेश्वर सिंह ठाकुर, रूपराम पट्टावी, किशन नायक, संदीप चौबे, गिरीश तिवारी, रवि जायसवाल, राजू सोनवानी, मंजु निर्मलकर सहित थाना लोहारा की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घरेलू विवाद, नशे की समस्या या पारिवारिक तनाव की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संवाद, परामर्श और कानूनी सहायता का सहारा लें। पुलिस ने कहा कि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और इसके गंभीर कानूनी परिणाम होते हैं।