विधायक ललित चंद्राकर ने “तारे जमीन पर” मूक-बधिर आवासीय विद्यालय के बच्चों को वितरित की पुस्तकें एवं बैग

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने धनोरा स्थित “तारे जमीन पर” मूक-बधिर बच्चों के आवासीय विद्यालय का दौरा कर कक्षा पहली से पांचवीं तक अध्ययनरत 32 बच्चों को पुस्तकें और बैग वितरित किए। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

Aug 19, 2026 - 18:40
 0  2
विधायक ललित चंद्राकर ने “तारे जमीन पर” मूक-बधिर आवासीय विद्यालय के बच्चों को वितरित की पुस्तकें एवं बैग

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने धनोरा स्थित “तारे जमीन पर” मूक-बधिर बच्चों के आवासीय विद्यालय, हरिशीकेश एजुकेशन सोसायटी का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक अध्ययनरत 32 मूक-बधिर बच्चों को पुस्तकें एवं बैग वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए ललित चंद्राकर ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सहयोग के छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने बच्चों को विशेष प्रतिभा से संपन्न बताते हुए कहा कि उनकी क्षमताओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समाज और सरकार को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

ललित चंद्राकर ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि हर वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए समाज की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

विधायक ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरिशीकेश एजुकेशन सोसायटी द्वारा मूक-बधिर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा उपलब्ध कराकर समाज सेवा का अनुकरणीय कार्य किया जा रहा है। ऐसे प्रयास समाज को अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा और विकास के समान अवसर मिलना आवश्यक है। विद्यालय में बच्चों को शिक्षा के साथ सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास और बच्चों की सुविधाओं के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

ललित चंद्राकर ने बच्चों को पुस्तकें और बैग प्रदान करते हुए उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके सपनों को साकार करने में परिवार, विद्यालय, समाज और सरकार की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर संस्था की डायरेक्टर गीता विश्वास, प्राचार्य देवोप्रिया घोष, लातेश्वरी ठाकुर, प्रीति साहू, गुंजा राव, गायत्री साहू, भद्राशीला पजारे, डॉली देवांगन, कुसुमलता सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार और बच्चों में उत्साह का वातावरण रहा।