धमतरी में चाकूबाजी के तीन आरोपी गिरफ्तार, धारदार चाकू और डंडा बरामद
धमतरी की रतन कॉलोनी में युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 12.7 इंच लंबा धारदार चाकू और लकड़ी का बत्ता बरामद किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। रतन कॉलोनी में युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और लकड़ी का बत्ता भी बरामद किया है। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार धमतरी पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों और चाकूबाजी की घटनाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस को रतन कॉलोनी में चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी।
दिनांक 2 और 3 अक्टूबर की दरमियानी रात विवाद के दौरान चंदेश्वर ध्रुव, पिता दशरथ सिंह गुरु, उम्र 25 वर्ष, निवासी दानिटोला स्कूल चौक, महिमा सागर वार्ड, धमतरी के साथी पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। बताया गया कि चंदेश्वर ध्रुव बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान हुए हमले में दोनों को चोटें आईं।
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साहिल मसीह, नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह और सौरभ मसीह उर्फ रिंकू मसीह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 12.7 इंच लंबा धारदार लोहे का चाकू तथा लकड़ी का बत्ता बरामद किया गया। पुलिस ने जब्त हथियारों को प्रकरण में शामिल करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), 3(5) BNS तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल मसीह, पिता स्वर्गीय ईस्माईल मसीह, उम्र 26 वर्ष, नितांत मसीह उर्फ प्रिंस मसीह, पिता स्वर्गीय ईब्राहिम मसीह, उम्र 26 वर्ष और सौरभ मसीह उर्फ रिंकू मसीह, पिता स्वर्गीय ईस्माईल मसीह, उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपी रतन कॉलोनी, महिमा सागर वार्ड, धमतरी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय धमतरी के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।