गौ-तस्करी पर करारा प्रहार: कबीरधाम पुलिस ने 13 मवेशी कराए मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार
थाना बोड़ला एवं चौकी बैजलपुर की संयुक्त कार्रवाई में कबीरधाम पुलिस ने गौ-तस्करी के दो आरोपियों को पकड़कर 13 भैंस-भैंसा मुक्त कराए। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई, जिसमें मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेजा गया।
UNITED NEWS OF ASIA . कवर्धा | गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कबीरधाम पुलिस ने थाना बोड़ला एवं चौकी बैजलपुर की संयुक्त टीम के माध्यम से दो आरोपियों को पकड़कर 13 नग भैंस-भैंसा को मुक्त कराया है। मुक्त कराए गए सभी मवेशियों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित रूप से गौशाला भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 17 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति 13 नग भैंस-भैंसा को एक-दूसरे के गले में रस्सी बांधकर, बिना चारा-पानी के, रात्रि में चोरी-छिपे पक्की सड़क मार्ग से बोड़ला की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि ग्रामीणों की उपस्थिति में दो आरोपी पकड़े गए—
-
शोभाराम बंजारे पिता महेत्तर बंजारे, उम्र 55 वर्ष
-
दिलीप बंजारे पिता श्याम बंजारे, उम्र 39 वर्ष
(निवासी ग्राम मुड़ियापारा, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम)
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी संजू उर्फ संजय बंजारे सहित अन्य के साथ देवसरा-बकेला क्षेत्र के आसपास के गांवों से भैंस-भैंसा खरीदकर एकत्र करते थे और 11 भैंसा एवं 2 भैंसी (कुल 13 नग) को पैदल रास्ते से रस्सियों से बांधकर चोरी-छिपे जबलपुर की ओर ले जा रहे थे।
मौके पर बरामद सभी मवेशियों को थाना लाकर पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया तथा बाद में उन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला भेज दिया गया। आरोपियों शोभाराम बंजारे एवं दिलीप बंजारे के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 17 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपक शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक शोभनाथ मेरावी, प्रधान आरक्षक मनोज महोबिया, प्रधान आरक्षक नन्हे नेताम एवं आरक्षक दीपक गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।
उल्लेखनीय है कि यह संपूर्ण कार्रवाई कबीरधाम जिला में की गई है और पुलिस द्वारा आगे भी गौ-तस्करी सहित सभी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रखने की बात कही गई है।