अपराध, नशा और अवैध शराब के खिलाफ केसली में कांग्रेस का प्रदर्शन, 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

सागर जिले के केसली में कानून-व्यवस्था, अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा और महिला अपराधों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर पुलिस महानिदेशक के नाम थाना प्रभारी को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

Sep 10, 2026 - 17:28
 0  1
अपराध, नशा और अवैध शराब के खिलाफ केसली में कांग्रेस का प्रदर्शन, 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा

UNITED NEWS OF ASIA. योगेश विश्वकर्मा, सागर l जिले के केसली में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री सहित जुआ-सट्टा तथा महिला अपराधों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केसली के कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकाली और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के बाद पुलिस महानिदेशक के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन थाना प्रभारी केसली को सौंपा गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद पंचायत परिसर स्थित हनुमान मंदिर के पास एकत्रित हुए। यहां से रैली के रूप में कार्यकर्ता नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस थाना केसली पहुंचे। इस दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और कथित रूप से बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों को लेकर नारेबाजी की गई। थाना परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने आरोप लगाया कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के देवरी, केसली, गौरझामर और महाराजपुर थाना क्षेत्रों में अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना है।

हर्ष यादव ने क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, जुआ-सट्टा, चोरी, लूट, मारपीट तथा महिला अपराधों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के साथ नशे के कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क तक पहुंचकर कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई करने के बजाय अवैध गतिविधियों के पीछे सक्रिय मुख्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जानी चाहिए।

ज्ञापन में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच, घटना से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने और यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत जांच में सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग भी कांग्रेस की ओर से रखी गई।

केसली क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर कांग्रेस ने कहा कि ग्रामीण और नगरीय इलाकों में इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। पार्टी ने मांग की कि शराब की अवैध सप्लाई के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान कर पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाए। इसी तरह युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की गई। कांग्रेस ने सागर, दमोह और नरसिंहपुर सहित आसपास के जिलों से जुड़े संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच की मांग भी रखी।

ज्ञापन में धार्मिक स्थलों में हुई चोरी की घटनाओं, जुआ-सट्टा और कथित रिस्क के अड्डों पर कार्रवाई का मुद्दा भी शामिल रहा। कांग्रेस ने इन स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा महिला अपराधों की थाना-वार समीक्षा, लंबित मामलों के जल्द निराकरण और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की गई।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था करने तथा स्कूल खुलने और छुट्टी के समय पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग भी कांग्रेस ने की। रात के समय बाजारों, धार्मिक स्थलों, सुनसान मार्गों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की बात ज्ञापन में कही गई।

प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केसली अध्यक्ष शिवराज सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कांग्रेस ने कहा कि जनता से जुड़े इन मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।