कवर्धा मेडिकल कॉलेज निर्माण में तेजी, उपमुख्यमंत्री के सख्त निर्देश

रायपुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा में मेडिकल कॉलेज निर्माण और नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए 2027 तक सभी निर्माण कार्य पूर्ण करने और 50 सीटों के साथ कॉलेज शुरू करने के निर्देश दिए।

Mar 22, 2026 - 12:06
Mar 22, 2026 - 12:10
 0  2
कवर्धा मेडिकल कॉलेज निर्माण में तेजी, उपमुख्यमंत्री के सख्त निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर,। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित कलेक्टर कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण और आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस बैठक में निर्माण एजेंसियों, CGMSC और जिला अस्पताल के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज की एकेडमिक बिल्डिंग का निर्माण 31 मई 2027 तक और हॉस्टल, लैब, इंटर्न्स मेस सहित अन्य सभी आवश्यक भवनों का निर्माण 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्माण एजेंसियों को 15-15 दिन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रत्येक शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्माण स्थल का निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपमुख्यमंत्री ने गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य उच्च मानकों के अनुसार किए जाएं, ताकि भविष्य में छात्रों और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाएं समय-सीमा में पूरी की जाएं। प्रारंभिक तौर पर कॉलेज का संचालन आयुर्वेदिक पॉली क्लिनिक और रोजगार एवं उद्योग भवन से किया जाएगा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी सत्र से 50 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई शुरू की जाए और इसके लिए सभी आवश्यक उपकरण एवं अधोसंरचना समय पर उपलब्ध कराई जाए।

इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में मरीजों के साथ उनके परिजनों के लिए भी भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जीवन दीप समिति को सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से अस्पताल परिसर में भोजन केंद्र शुरू करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, आयुक्त DME रितेश अग्रवाल, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।