स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का गांव चलो अभियान, बलरामपुर में घेराव की तैयारी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बलरामपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में गांव चलो अभियान का दूसरा चरण चलाया जा रहा है। मंडल डौरा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और स्मार्ट मीटर बदलने के लिए आवेदन भरवाए। कांग्रेस नेताओं ने जिला मुख्यालय स्थित CSPDCL कार्यालय के घेराव की तैयारी की जानकारी दी।

Sep 23, 2026 - 13:00
Sep 23, 2026 - 13:03
 0  2
स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का गांव चलो अभियान, बलरामपुर में घेराव की तैयारी

UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के तत्वावधान में बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर के विरोध में गांव चलो अभियान का दूसरा चरण चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंडल डौरा के अंतर्गत आने वाली विभिन्न ग्राम पंचायतों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं तथा स्मार्ट मीटर बदलने के लिए आवेदन फॉर्म भरवाए।

जनसंपर्क अभियान मंडल डौरा की ग्राम पंचायत घाघरा, कोचली, मुखा, कोटसरी, करकेपा, लिलौटी, अतोरी, गोविंदपुर, सरगढ़ी, डुमरखोला, झलरिया, कर्रीचलगली, चौगाई, अमरपुर, चमनपुर, भैरवपुर, रनहत, लुरगी और मकरो में चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

अभियान के दौरान ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि गांवों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में तीन गुना से भी अधिक आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य बिजली खपत के बावजूद भारी-भरकम बिल आने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर असर पड़ रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों की शिकायतों को दर्ज करते हुए स्मार्ट मीटर बदलने की मांग से संबंधित आवेदन भरवाए। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को एकत्र कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों को लेकर आंदोलन को केवल गांवों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आने वाले दिनों में बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित बिजली विभाग CSPDCL के कार्यालय का घेराव करने की तैयारी है। कांग्रेस के अनुसार इस प्रदर्शन में प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

गांव-गांव जाकर जनसंपर्क और आवेदन भरवाने के अभियान में प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि बिंधेश्वरी गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य समीर सिंह देव, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामाकांत जायसवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर पोर्टे, सचिव सुनील तिर्की और कार्यकारी मंडल अध्यक्ष बबलू रजक सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

इसके अलावा इकबाल अंसारी, शिवचरण, जगशरण सिंह, अमितेश, प्रियांशु गुप्ता, विमल सोनहा, बबलू सोनपाकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने अभियान में भाग लिया। अभियान के दौरान ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और बिजली बिल से जुड़ी शिकायतों की जानकारी लेकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई।