महंगी गाड़ियों का शौक बना चोरी की वजह: 2 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, बाइक और टायर बरामद

रायपुर में मोटरसाइकिल का टायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी का टायर और दो मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं।

Mar 21, 2026 - 19:47
 0  5
महंगी गाड़ियों का शौक बना चोरी की वजह: 2 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, बाइक और टायर बरामद

UNITED VNEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | राजधानी रायपुर में मोटरसाइकिल के टायर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने 2 नाबालिग समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया टायर और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

मामला थाना डी.डी. नगर क्षेत्र का है, जहां इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 निवासी परमेश्वर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल घर के पास खड़ी थी। 9 फरवरी 2026 की सुबह उन्हें जानकारी मिली कि बाइक का पिछला टायर और कुछ पार्ट्स चोरी हो गए हैं।

रिपोर्ट के आधार पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 158/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए रेहान खान (19 वर्ष) और दीपक सिंह (19 वर्ष) सहित दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके खुद के वाहन का टायर खराब हो गया था, जिसके चलते उन्होंने इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी से एक बाइक का टायर चोरी कर अपने वाहन में लगा लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के कब्जे में मिली मोटरसाइकिल भी चोरी की थी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 1 नग चोरी का टायर और 2 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार यादव और एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में चोरी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।