अमलीडीह को विकास की बड़ी सौगात, 2 करोड़ की सड़क और 5 पुलियों के निर्माण का भूमिपूजन

कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम अमलीडीह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 1.40 किलोमीटर सड़क और पांच पुलियों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान शीतला माता मंदिर भवन के लिए 6.50 लाख रुपये की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास, बिजली, फीडर सेपरेशन, एलटी केबलिंग, ट्रांसफार्मर और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की जानकारी भी साझा की गई।

Jul 24, 2026 - 17:41
 0  2
अमलीडीह को विकास की बड़ी सौगात, 2 करोड़ की सड़क और 5 पुलियों के निर्माण का भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम अमलीडीह को आधारभूत विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम अमलीडीह से कामनबोड़ तक बनने वाली 1.40 किलोमीटर लंबी सड़क एवं पांच पुल-पुलियों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही शीतला माता मंदिर में भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि अमलीडीह से कामनबोड़ तक सड़क निर्माण लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग थी। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को निर्देश दिए कि सड़क, पुल-पुलिया सहित सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली, सिंचाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार बनने के बाद प्रदेशभर में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे हजारों गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है।

विजय शर्मा ने बताया कि अमलीडीह सहित कुरुवा पंचायत के आश्रित गांवों में पिछले दो वर्षों के दौरान 255 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण के साथ-साथ गांवों में आधारभूत सुविधाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

बिजली व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए फीडर सेपरेशन का व्यापक कार्य किया गया है। पहले एक फीडर से आठ से नौ गांव जुड़े रहते थे, जिससे किसी एक स्थान पर खराबी आने पर कई गांव प्रभावित हो जाते थे। अब इसे घटाकर चार गांव प्रति फीडर किया गया है, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और बाधा आने पर त्वरित सुधार संभव होगा।

उन्होंने बताया कि अमलीडीह में 52 लाख रुपये की लागत से फीडर सेपरेशन का कार्य कराया गया है। साथ ही किसानों के लिए कृषि पंपों हेतु अलग फीडर की व्यवस्था की गई है, जिससे सिंचाई के लिए नियमित बिजली उपलब्ध होगी। इसके अलावा बस्ती क्षेत्र में 7 लाख रुपये की लागत से 1.20 किलोमीटर एलटी केबलिंग और 25 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को भी बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अमलीडीह में सड़क और बिजली के अलावा सीसी रोड, चेक डैम सहित कई अन्य विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से गांव की आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी, कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रत्येक गांव को बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाना है।