धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल
जांजगीर में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार हथियार जप्त कर उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
UNITED NEWS OF ASIA . हितेश पाण्डेय , जांजगीर चांपा | जांजगीर जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धारदार हथियार लहराकर आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो नग धारदार हथियार जप्त किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय द्वारा पूर्व में जिले के सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में थाना कोतवाली की पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए रवाना की गई थी।
इसी दौरान मुखबिर से सचना प्राप्त हुई कि कुछ युवक धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम दिनेश राठौर, पिता छोटे लाल राठौर, उम्र 30 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर तथ सूरज राठौर, पिता राजेंद्र राठौर, उम्र 28 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती, जांजगीर बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार हथियार जप्त किए। आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई तथा दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी कोतवाली), प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, राकेश तिवारी, प्रकाशचंद्र राठौर, आरक्षक विनोद राठौर, नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत एवं दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वालों और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।