गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला मुख्यालय स्थित गुरुकुल परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस भव्य एवं गरिमामय समारोह के साथ मनाया गया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियों ने समारोह को आकर्षक बनाया।
UNITED NEWS OF ASIA. सत्यम दीक्षित, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के माहौल के बीच भव्य रूप से मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित गुरुकुल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मंत्री राजेश अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। इस दौरान पूरा परिसर वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।
समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के सस्वर गान के साथ हुई, जिससे उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का संचार हुआ। कार्यक्रम स्थल को राष्ट्रीय ध्वज एवं रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और गर्व की अनुभूति हो रही थी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी एवं स्कूली दलों द्वारा आकर्षक और अनुशासित परेड प्रस्तुत की गई। परेड की भव्यता और अनुशासन को देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। पारंपरिक वेश-भूषा में प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में शासन की योजनाओं और नवाचारों पर आधारित झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में पंचायत विभाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं परेड प्रतियोगिता में रेडक्रास बालिका दल, सांस्कृतिक कार्यक्रम में आदर्श विद्यालय डोंगरिया और झांकी में पंचायत विभाग को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न विभागों के 53 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
इस गरिमामय समारोह में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और जिले में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।