युवाओं, किसानों और उद्योग के लिए नए अवसरों का बजट – सौरभ सिंह
प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सौरभ सिंह ने केंद्रीय बजट 2026–27 को विकासोन्मुख, रोजगार सृजन करने वाला और छत्तीसगढ़ व कोरबा के लिए नए अवसर खोलने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचा, खनिज, उद्योग विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार पर विशेष जोर दिया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA . भूपेंद्र साहू कोरबा | केंद्रीय बजट 2026–27 को लेकर शनिवार को प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में विकास, उद्योग और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रेस वार्ता को अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (कैबिनेट मंत्री दर्जा) सौरभ सिंह ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 को विकासोन्मुख, रोजगार सृजन करने वाला और जनहितकारी बजट कहा जा सकता है। यह बजट देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से कोरबा जिले के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला है। सौरभ सिंह ने बताया कि बजट में बुनियादी ढांचे, खनिज क्षेत्र, उद्योग विस्तार और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी तथा युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
प्रेस वार्ता में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चालवाली, जिला महामंत्री संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।
युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए बड़े ऐलान
सौरभ सिंह ने कहा कि यह बजट किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को समान अवसर देने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कृषि, स्वरोजगार, स्टार्ट-अप और कौशल विकास से जुड़े प्रावधानों से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं को लाभ मिलेगा।
उद्योग और खनिज क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने बताया कि खनिज क्षेत्र और उद्योग विस्तार को बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिससे छत्तीसगढ़ में निवेश का माहौल मजबूत होगा और नए उद्योग स्थापित होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
नए भारत की नई राहें : रेल और पर्यटन में बड़ा निवेश
सौरभ सिंह ने कहा कि देश में नए रेलवे कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिससे हाई-स्पीड ट्रेनों के माध्यम से लोगों का सफर कम समय में पूरा होगा और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पर्यटन क्षेत्र में निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर केंद्रीय बजट 2026–27 युवाओं, किसानों, महिलाओं और उद्योग जगत के लिए आशाजनक है और यह छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।