महंगाई और सराफा कारोबार ठप होने के विरोध में रामानुजगंज में कांग्रेस का प्रदर्शन
रामानुजगंज में कांग्रेस ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और सराफा कारोबार ठप होने के विरोध में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए ईंधन और खाद्य पदार्थों की कीमतें कम करने की मांग की।
UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर l बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में महंगाई और सराफा कारोबार ठप होने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान और जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा जय स्तंभ चौक पर चरणबद्ध धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। नेताओं का कहना था कि ईंधन के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता की कमर टूट चुकी है। परिवहन खर्च बढ़ने के कारण हर जरूरी वस्तु महंगी होती जा रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को तत्काल कम किया जाए और ईंधन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरसों तेल, रिफाइंड तेल और किराना के अन्य जरूरी सामानों के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस ने सरकार से मांग की कि खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं।
धरना के दौरान सराफा कारोबारियों और कारीगरों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री द्वारा एक साल तक सोने की खरीदी बंद रखने के आह्वान के कारण सराफा बाजार पूरी तरह प्रभावित हुआ है। सोने-चांदी के व्यापारी, स्थानीय कारीगर और इस कारोबार से जुड़े कर्मचारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि इस फैसले के कारण हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने सरकार से प्रभावित व्यापारियों और कारीगरों को राहत देने की मांग की।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, अरुण अग्रवाल, जिला महामंत्री अशोक जायसवाल, अजय सोनी, जिला सचिव व्यासमुनि यादव, ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता, प्रमोद गोस्वामी, सनोज दास, ओम प्रकाश यादव, नरेंद्र सिंह खेरवार और नीरज गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष प्रेमसागर सिंह, ज्ञानती गुप्ता, चंदेश्वर कुशवाहा, जयलाल यादव, युवा नेता इंतेखाब अंसारी और अन्य कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया गया।