बीमा पॉलिसी बंद होने का झांसा देकर 17 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली-यूपी से 7 आरोपी गिरफ्तार

कोंडागांव पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए दिल्ली और उत्तरप्रदेश से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बीमा पॉलिसी बंद होने और रकम वापस दिलाने का झांसा देकर फरसगांव के एक व्यक्ति से 17 लाख 24 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद फर्जी सिम, मोबाइल और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं।

May 19, 2026 - 19:11
 0  3
बीमा पॉलिसी बंद होने का झांसा देकर 17 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली-यूपी से 7 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF AISA.रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव lA कोंडागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के 7 सदस्यों को दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तरप्रदेश के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने बीमा पॉलिसी बंद होने और रकम वापस दिलाने का झांसा देकर फरसगांव क्षेत्र के एक व्यक्ति से करीब 17 लाख 24 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कविता ठाकुर के निर्देशन में एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू करते हुए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का गहन विश्लेषण किया। करीब दो महीने तक लगातार जांच के बाद पुलिस टीम दिल्ली और उत्तरप्रदेश रवाना हुई और आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को बीमा कंपनी और बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे। वे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर बीमा पॉलिसी बंद होने की जानकारी देते और फिर रकम वापस दिलाने का भरोसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद पीड़ितों से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। आरोपी फर्जी सिम कार्ड, बैंक खाते और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे। गिरोह एजेंटों के माध्यम से बैंक खाताधारकों के आधार और मोबाइल नंबर बदलवाकर खातों पर कब्जा कर लेता था और उन्हीं खातों में ठगी की रकम जमा करवाई जाती थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने मोबाइल नंबर और लोकेशन बदलते रहते थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इसरार अहमद निवासी संगम विहार दिल्ली, आकिल निवासी बरेली हाल निवासी दिल्ली, शिवम गुप्ता निवासी दिल्ली, नितिन कुमार त्यागी निवासी गाजियाबाद, रजा हुसैन निवासी नई दिल्ली, तरुण कौशिक निवासी रोहतास नगर दिल्ली और प्रदीप बघेल निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि यह गिरोह पिछले 6 से 7 वर्षों से साइबर अपराध में सक्रिय था और देश के कई राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय, निरीक्षक राजकुमार सोरी, उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र ठाकुर, अजरंग बघेल, रामकुमार ठाकुर, लक्ष्मीनाराण शोरी, महिला आरक्षक सरस्वती यादव और साइबर टीम के अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या ऑनलाइन लिंक पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच जरूर करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।