चिरमिरी मेगा हेल्थ कैंप में पहले दिन उमड़ा जनसैलाब, 1000 से अधिक मरीजों का पंजीयन

एमसीबी जिले के चिरमिरी में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप के पहले दिन 1000 से अधिक मरीजों का पंजीयन हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शिविर का जायजा लेते हुए गंभीर मरीजों को दिल्ली और मुंबई के बड़े अस्पतालों में नि:शुल्क उपचार के लिए भेजने की घोषणा की। कैंप में सहायक उपकरण वितरण, नशामुक्ति की शपथ और देहदान संकल्प जैसी गतिविधियां भी हुईं।

Sep 30, 2026 - 16:01
 0  2
चिरमिरी मेगा हेल्थ कैंप में पहले दिन उमड़ा जनसैलाब, 1000 से अधिक मरीजों का पंजीयन

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, एमसीबी l नगर पालिका निगम चिरमिरी क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय विशाल मेगा हेल्थ कैंप के पहले दिन बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए पहुंचे। शिविर में दोपहर तक ही 1000 से अधिक मरीजों का पंजीयन हो चुका था। स्वास्थ्य शिविर में कुल 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिले की कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, एसईसीएल के मुख्य महाप्रबंधक और महापौर रामनरेश राय के साथ शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे मरीजों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की जानकारी ली।

गंभीर मरीजों को दिल्ली-मुंबई भेजने की घोषणा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शिविर के दौरान कहा कि जांच के दौरान गंभीर बीमारियों से चिन्हित मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों के बड़े अस्पतालों में भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि पात्र मरीजों के लिए उपचार के साथ आने-जाने की यात्रा भी नि:शुल्क रखने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से किसी जरूरतमंद को बेहतर उपचार से वंचित न रहना पड़े।

सहायक उपकरण किए गए वितरित

मेगा हेल्थ कैंप के दौरान जरूरतमंद लोगों को छड़ी और श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं जनसेवा से जुड़ी जरूरतों को देखते हुए 8 डेड बॉडी फ्रीजर भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। शिविर में अपनी सेवाएं दे रहे विशेषज्ञ डॉक्टरों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

कलेक्टर ने लिया देहदान का संकल्प

मेगा हेल्थ कैंप में सामाजिक जागरूकता से जुड़ी पहल भी देखने को मिली। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े सहित अन्य लोगों ने देहदान का संकल्प पत्र भरा। इस पहल के माध्यम से समाज में देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ चिकित्सक, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।