पुलवामा शहीदों को सीआरपीएफ की श्रद्धांजलि, कोंटा में रक्तदान शिविर का आयोजन
14 फरवरी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा पुलवामा हमले में शहीद 40 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कोंटा रेंज के फंदीगुड़ा कैंप में आयोजित रक्तदान शिविर में 200 अधिकारियों और जवानों ने रक्तदान कर शहीदों को नमन किया।
UNITED NEWS OF ASIA. कोंटा। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के काफिले पर हुए आतंकी हमले में 40 वीर जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की स्मृति में हर वर्ष 14 फरवरी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल “काला दिन” के रूप में मनाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है।
इस वर्ष भी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया।
पुलवामा हमले में हुए रक्तपात और जवानों की शहादत को स्मरण करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज के निर्देशन में 228 बटालियन कैंप फंदीगुड़ा, कोंटा में कमांडेंट की देखरेख में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में डीआईजी कोंटा रेंज राजेश पांडे, कमांडेंट 212 बटालियन दीपक कुमार श्रीवास्तव, कमांडेंट 228 बटालियन श्री लतीफ साहू, सेकंड इन कमांडेंट श्री दिनेश कुमार तथा डिप्टी कमांडेंट गौरव शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर में 212 बटालियन के 18 जवानों सहित कुल 200 अधिकारियों और जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। अधिकारियों ने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ मानवता की सेवा करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों की शहादत को याद करते हुए उनके अदम्य साहस और बलिदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में शहीद हुए जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी स्मृति में इस प्रकार के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।