अंतर्राष्ट्रीय किताब दान दिवस पर रायपुर प्रेस क्लब में ‘पुस्तक दान अभियान’ की शुरुआत, वरिष्ठ पत्रकारों ने किया ज्ञान का योगदान
अंतर्राष्ट्रीय किताब दान दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में पुस्तक दान अभियान की शुरुआत की गई। वरिष्ठ पत्रकार तपेश जैन और क्लब के महासचिव गौरव शर्मा ने लाइब्रेरी के लिए महत्वपूर्ण पुस्तकें भेंट कीं। अध्यक्ष मोहन तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी सदस्यों से अभियान में भाग लेने की अपील की।
UNITED NEW OF ASIA . अमृतेश्वर सिंह , रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय किताब दान दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों के ज्ञानवर्धन और क्लब की लाइब्रेरी को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से “पुस्तक दान अभियान” की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार तपेश जैन और रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा ने विभिन्न विषयों पर आधारित उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें क्लब को भेंट कीं।
इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने दोनों पत्रकारों के इस साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल न केवल क्लब की लाइब्रेरी को समृद्ध बनाएगी, बल्कि युवा और नवोदित पत्रकारों को अध्ययन एवं शोध के लिए बेहतर संसाधन भी उपलब्ध कराएगी।
अध्यक्ष मोहन तिवारी ने अपने संबोधन में कहा, “एक अच्छी पुस्तक सौ मित्रों के बराबर होती है। रायपुर प्रेस क्लब की लाइब्रेरी को सर्वसुविधायुक्त और उपयोगी बनाने के लिए यह अभियान प्रारंभ किया गया है। मैं क्लब के सभी सदस्यों से आग्रह करता हूं कि वे अपनी पसंद की कम से कम एक पुस्तक लाइब्रेरी के लिए अवश्य दान करें।”
उन्होंने यह भी बताया कि इस पुस्तक दान अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रेस क्लब परिसर में अध्ययन और वैचारिक संवाद का सकारात्मक वातावरण तैयार करना है, ताकि क्लब से जुड़े युवा पत्रकार, प्रशिक्षु पत्रकार एवं सदस्य अपने फुर्सत के समय में संदर्भ ग्रंथों, समसामयिक विषयों की पुस्तकें और उत्कृष्ट साहित्य का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार तपेश जैन एवं महासचिव गौरव शर्मा द्वारा राजनीति, अर्थशास्त्र, सामाजिक विषयों, पत्रकारिता और सामान्य ज्ञान से जुड़ी पुस्तकों का संग्रह अध्यक्ष मोहन तिवारी को औपचारिक रूप से सौंपा गया। यह पुस्तकें भविष्य में प्रेस क्लब की लाइब्रेरी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेंगी।
अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सदस्य राजनीति, अर्थशास्त्र, साहित्य, पत्रकारिता, इतिहास, समाजशास्त्र और समकालीन विषयों से संबंधित पुस्तकें दान कर सकते हैं। इससे प्रेस क्लब की लाइब्रेरी को एक उपयोगी संदर्भ केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कई वरिष्ठ पत्रकार एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को पत्रकार समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक कदम बताते हुए इसका स्वागत किया और भविष्य में अधिक से अधिक पुस्तकों के दान का संकल्प भी लिया।