इसी कड़ी में मुख्यमंत्री द्वारा इस अभियान के लिए तैयार किए गए ‘अभिनंदन पत्र’ का गरिमामय विमोचन किया गया। इस अभिनंदन पत्र के माध्यम से उन नागरिकों और परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि युवा शक्ति किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि युवा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें, तो विकास के लक्ष्य और भी तेजी से प्राप्त किए जा सकते हैं।
यह अभियान भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांव, वार्ड और मंडल स्तर पर जाकर हितग्राहियों से संपर्क करेंगे, उन्हें सम्मान पत्र प्रदान करेंगे तथा यह जानने का प्रयास करेंगे कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और सही तरीके से मिल रहा है या नहीं।
भाजयुमो के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक व्यापक जनसंपर्क और जनसंवाद की पहल है। इसके माध्यम से युवाओं को जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति से अवगत होने का अवसर मिलेगा और प्रशासन तक नागरिकों की समस्याएं और सुझाव भी पहुंचाए जा सकेंगे।
अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान कल्याण योजनाएं, छात्रवृत्ति एवं स्वरोजगार योजनाओं जैसे कार्यक्रमों के हितग्राहियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें भविष्य में भी योजनाओं से जुड़ने और अन्य पात्र लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और सरलता का प्रतीक रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा और सम्मान के रूप में मनाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इसी भावना के साथ प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों एवं बूथ स्तर तक यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि ‘अभिनंदन पत्र’ को विशेष रूप से इस अभियान के लिए तैयार किया गया है, ताकि हितग्राहियों को सम्मान के साथ यह संदेश दिया जा सके कि सरकार उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को महत्व देती है।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस अभियान से शासन और जनता के बीच संवाद और विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच को नई गति मिलेगी।