अंबिकापुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात तस्कर गुड़िया सहित तीन गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन जब्त

सरगुजा के अंबिकापुर में आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया को 178 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया। मामले में दो अन्य सप्लायरों को भी पकड़कर जेल भेजा गया।

Mar 29, 2026 - 18:52
 0  3
अंबिकापुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात तस्कर गुड़िया सहित तीन गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. आकास सोनकर, अंबिकापुर। सरगुजा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी उड़नदस्ता टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 28 मार्च 2026 को की गई कार्रवाई में दर्रीपारा क्षेत्र की कुख्यात तस्कर शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दर्रीपारा निवासी शोभा कुशवाहा के घर पर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बिक्री के लिए लाए गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल उड़नदस्ता टीम के साथ दबिश दी।

टीम के पहुंचते ही आरोपी गुड़िया एक झोला लेकर भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला आरक्षक की सतर्कता से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 106 नग Rexogesic इंजेक्शन और 72 नग Avil इंजेक्शन बरामद किए गए। कुल 178 नशीले इंजेक्शन जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में गुड़िया ने खुलासा किया कि वह यह नशीला सामान दर्रीपारा निवासी मनु (मोनू) श्रीवास्तव और सुंदरलाल कुर्रे से खरीदकर लाती थी। आरोपी के बयान के आधार पर आबकारी टीम ने तत्काल दोनों सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को विशेष न्यायाधीश (नारकोटिक्स) अंबिकापुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश जारी किए गए।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया पिछले 15 से 20 वर्षों से अंबिकापुर क्षेत्र में ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार कर रही थी। हाल के दिनों में उसने ब्राउन शुगर की जगह नशीले इंजेक्शनों का कारोबार शुरू कर दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में कई बार छापेमारी के बावजूद सफलता नहीं मिल पाई थी, लेकिन इस बार सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई सफल रही।

इस पूरी कार्रवाई को जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। अभियान में आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता तथा महिला सैनिक चंद्रावती और नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आबकारी विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से अंबिकापुर क्षेत्र में नशीले इंजेक्शनों के अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगेगी। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समाज को इस खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।