पड़ोसी ही निकला चोर! 78 हजार की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन में घर से 78,300 रुपये नकद और मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने पड़ोसी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात कबूल की। चोरी की रकम से शराब पार्टी और कपड़ों की खरीदारी की गई थी। पुलिस ने 35,500 रुपये नकद, 3,475 रुपये कीमत के कपड़े और उनकी रसीद बरामद की है।
UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन में घर से 78,300 रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस ने पड़ोसी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की रकम से आरोपियों ने शराब पार्टी की और कपड़ों की खरीदारी भी की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35,500 रुपये नकद, 3,475 रुपये कीमत के खरीदे गए कपड़े और उनकी रसीद बरामद की है।
मामला ग्राम पैकिन निवासी मिनकेतन मिश्रा के घर का है। मिनकेतन मिश्रा ने 20 अगस्त 2026 को सिंघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को वह मजदूरों के साथ कृषि कार्य के लिए खेत गया था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने घर में रखे 78,300 रुपये नकद और करीब 2,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। प्रार्थी ने अपने पड़ोसी लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर पर चोरी का संदेह जताया था।
रिपोर्ट के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने अपराध क्रमांक 92/26 के तहत धारा 305(A), 331(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संदेही लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
ऐसे दिया चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 19 अगस्त को जब मिनकेतन मिश्रा खेत गया था, तब तीनों ने उसके घर में चोरी की योजना बनाई। योजना के तहत लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर घर के गेट से कूदकर अंदर दाखिल हुआ, जबकि जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा बाहर रहकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते रहे।
घर के जिस कमरे में नकदी और मोबाइल रखा था, उसका दरवाजा खुला हुआ था। लक्ष्यपाल ने कमरे के अंदर से नकदी और मोबाइल उठाया और बाहर आ गया। इसके बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
चोरी के बाद शराब पार्टी और शॉपिंग
चोरी करने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से छुईपाली स्थित शराब भट्ठी पहुंचे। वहां उन्होंने चोरी की रकम से शराब खरीदी और पार्टी की। इसके बाद सागरपाली स्थित विकास कपड़ा दुकान पहुंचे, जहां लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर और जितेन्द्र यादव ने चोरी के पैसों से 3,475 रुपये के कपड़े खरीदे। पुलिस ने कपड़ों की रसीद भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्यपाल ने चोरी की रकम में से जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा को 9-9 हजार रुपये हिस्सा दिया था। वहीं चोरी किए गए मोबाइल फोन को तालाब में फेंक देने की बात आरोपी ने बताई।
35,500 रुपये और कपड़े बरामद
आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने 35,500 रुपये नकद और चोरी की रकम से खरीदे गए 3,475 रुपये के कपड़े व उनकी रसीद बरामद कर जब्त की है। बाकी रकम आरोपियों द्वारा आपस में बांटकर खर्च करना बताया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 21 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर, उम्र 22 वर्ष, जितेन्द्र यादव, उम्र 26 वर्ष और दशरथ मुण्डा, उम्र 45 वर्ष शामिल हैं। तीनों ग्राम पैकिन, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद के निवासी हैं।
सिंघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की इस वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा हो गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह बंद कर ताला लगाएं तथा घर की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।