विश्व युवा कौशल दिवस पर बालको ने मनाया वेदांता स्किल स्कूल के 15 वर्षों का सफर

विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर बालको ने वेदांता स्किल स्कूल के 15 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाया। कार्यक्रम में 15 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने के लक्ष्य, 40 से अधिक प्रशिक्षुओं को प्लेसमेंट प्रमाणपत्र और सोलर पीवी टेक्नीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की घोषणा की गई।

Jul 21, 2026 - 16:53
 0  2
विश्व युवा कौशल दिवस पर बालको ने मनाया वेदांता स्किल स्कूल के 15 वर्षों का सफर

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा l भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व युवा कौशल दिवस 2026 के अवसर पर वेदांता स्किल स्कूल की 15 वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव मनाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की उपलब्धियों को साझा किया गया। इस वर्ष विश्व युवा कौशल दिवस की थीम "साझा भविष्य के लिए कौशल" रही, जिसके अनुरूप युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में बालको के वरिष्ठ अधिकारियों, समुदाय के प्रतिनिधियों, पूर्व एवं वर्तमान प्रशिक्षुओं तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान वेदांता स्किल स्कूल की 15 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया और बताया गया कि संस्थान ग्रामीण युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार योग्य बनाने का निरंतर कार्य कर रहा है।

विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताहभर वाद-विवाद, कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, इंडोर गेम्स और एआई वीडियो निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता, तार्किक सोच, संवाद कौशल और डिजिटल दक्षता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं ने पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरक आकर्षण एक पूर्व प्रशिक्षु की वास्तविक जीवन यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही, जिसमें दिखाया गया कि कौशल प्रशिक्षण ने किस प्रकार एक युवा के जीवन को नई दिशा देकर रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान किए। इसके अलावा प्रशिक्षुओं का सम्मान, तकनीकी कौशल प्रदर्शन और पूर्व विद्यार्थियों की सफलता की कहानियों ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से वेदांता स्किल स्कूल युवाओं को रोजगार से जुड़े आधुनिक कौशल प्रदान कर उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ रोजगार प्राप्त कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान वेल्डर और मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त 40 से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। साथ ही वेदांता स्किल स्कूल में पीएम सूर्य घर सर्टिफिकेशन एंड स्किल अपग्रेडेशन कोर्स फॉर सोलर पीवी टेक्नीशियन की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम के तहत 100 सोलर पीवी टेक्नीशियन को एक सप्ताह का विशेष कौशल उन्नयन एवं प्रमाणन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को 3,500 रुपये का भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।

वर्ष 2010 में स्थापित वेदांता स्किल स्कूल अब तक 14 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दे चुका है और इस वर्ष 15 हजार प्रशिक्षित युवाओं का ऐतिहासिक पड़ाव हासिल करने की दिशा में अग्रसर है। संस्थान में वेल्डिंग, इलेक्ट्रिकल, फिटर, सिलाई मशीन संचालन, फूड एंड बेवरेज सर्विस तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन जैसे रोजगारपरक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाता है। एनएसडीसी से मान्यता प्राप्त 5-स्टार स्मार्ट सेंटर के रूप में यह संस्थान युवाओं को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान कर रहा है। बालको ने दोहराया कि वह कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।