कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 9:40 बजे वे भिलाई के जयंती स्टेडियम पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:50 बजे गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगल भवन पहुंचकर कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12:05 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने के बाद दोपहर 2 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘SAMVAD 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद संत धरमदास संग्रहालय सभागार में पुस्तक विमोचन समारोह में शामिल होंगे।
रायपुर में निकलेगी विराट कांवड़ यात्रा
रायपुर में आज भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। करीब 10 हजार कांवड़िए बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक करेंगे। सुबह 8 बजे मारुति मंगल भवन में पूजन होगा और 9 बजे यात्रा रवाना होगी। गुढ़ियारी से महादेव घाट तक निकलने वाली यात्रा में कई राज्यों से आए कांवड़िए शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल की भी मौजूदगी रहेगी।
LPG E-KYC का अंतिम दिन
LPG उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने का आज अंतिम दिन बताया गया है। गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से समय पर ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को सिलेंडर डिलीवरी में परेशानी होने की बात कही गई है।
‘बने खाओ-बने रहिबो 2.0’ अभियान समाप्त
खाद्य विभाग का ‘बने खाओ-बने रहिबो 2.0’ अभियान आज समाप्त होगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई और मिलावट पाए जाने पर कार्रवाई की गई। बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़ और खैरागढ़ समेत कई जिलों में कार्रवाई की जा चुकी है।
राखी डाक के लिए खुले रहेंगे पोस्ट ऑफिस
रक्षाबंधन को देखते हुए रायपुर संभाग के सभी विभागीय डाकघरों के काउंटर रविवार को आम जनता के लिए खुले रहेंगे। यहां राखियों की बुकिंग और प्रेषण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। रायपुर प्रधान डाकघर में आधार पंजीयन और अपडेट की सुविधा भी कार्यालयीन समय में जारी रहेगी।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का सम्मान समारोह
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत सम्मान समारोह का आयोजन कल किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। योजना के तहत सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा मिलेगी।
हज यात्रा के लिए 82 आवेदक चयनित
छत्तीसगढ़ से हज यात्रा के लिए प्रतीक्षा सूची के 82 आवेदकों का चयन किया गया है। चयनित आवेदकों को पहली किस्त के रूप में प्रति हाजी 1 लाख 52 हजार 300 रुपये 30 अगस्त तक जमा करने होंगे।
रायपुर में आज के कार्यक्रम
रायपुर में महाराष्ट्र मंडल भवन, चौबे कॉलोनी में नोवा नेचर संस्था का सम्मान समारोह सुबह 11 बजे आयोजित होगा। वहीं राजकुमार कॉलेज परिसर में महाकोशल कला परिषद की ओर से आईआईटी फोटोग्राफी चैंपियनशिप सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी।