जहरीला खाना बना काल! रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, एक ही परिवार के 3 बच्चों की मौत
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के पिपोरा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध रूप से जहरीला खाना खाने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चों ने रात में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैंगन का भरता खाया था। इसके बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पूनम कुशवाहा, मनीषा कुशवाहा और चाहत कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने खाने में इस्तेमाल सामग्री जब्त कर जांच शुरू कर दी है और दफनाए गए शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। मातगुवां थाना क्षेत्र के पिपोरा गांव में एक ही परिवार के तीन नाबालिग बच्चों की संदिग्ध रूप से जहरीला खाना खाने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चों ने रात में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाना खाया था। बताया जा रहा है कि भोजन में बैंगन का भरता भी शामिल था। खाना खाने के कुछ समय बाद तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।