MP Morning News: दुबई जाएंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, उद्योगपतियों से करेंगे चर्चा, दो साल के रोलिंग बजट की तैयारी, बदलेगी ट्रैफिक की तस्वीर

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली से तीन दिवसीय दुबई दौरे के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वे बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात कर मध्य प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर चर्चा करेंगे। प्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए इंदौर में 11 और 12 सितंबर को यात्री परिवहन विजन समिट-2026 आयोजित होगी। वहीं सरकार 2028-29 और 2029-30 के लिए दो साल के रोलिंग बजट की तैयारी कर रही है। इंदौर में आबकारी विभाग ने करीब 45 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की है, जबकि भोपाल के कई इलाकों में आज रखरखाव कार्य के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

Sep 6, 2026 - 08:58
 0  3
MP Morning News: दुबई जाएंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, उद्योगपतियों से करेंगे चर्चा, दो साल के रोलिंग बजट की तैयारी, बदलेगी ट्रैफिक की तस्वीर

UNITED NEWS OF ASIA. भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली से तीन दिवसीय दुबई दौरे के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दुबई में वे बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात करेंगे तथा मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा करेंगे। दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश के विकास, निवेश और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

प्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को बेहतर और आधुनिक बनाने की दिशा में भी सरकार तैयारी कर रही है। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 11 और 12 सितंबर को यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में यात्री परिवहन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा। समिट में निजी बस ऑपरेटर, नीति निर्माता, परिवहन प्राधिकरण, बस निर्माता, टेक्नोलॉजी कंपनियां, निवेशक और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।

समिट में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी PPP मॉडल के तहत बसों के संचालन की रूपरेखा पर चर्चा होगी। इसके अलावा इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम, वित्तीय स्थिरता, स्वच्छ मोबिलिटी, एकीकृत टिकटिंग और बेहतर यात्री अनुभव जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में ऐसा यात्री परिवहन तंत्र विकसित करना है जो अधिक कनेक्टेड, वित्तीय रूप से साध्य, डिजिटल रूप से सक्षम और नागरिक-केंद्रित हो। समिट के माध्यम से मोबिलिटी से जुड़े उच्च संभावनाओं वाले क्षेत्रों को समझने और विभिन्न क्षेत्रों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।

वहीं मध्य प्रदेश सरकार अब दो साल के रोलिंग बजट की तैयारी में जुट गई है। सरकार 2028-29 और 2029-30 के लिए रोलिंग बजट तैयार करेगी। इसे लेकर 8 सितंबर से विभागवार मंथन शुरू होगा। इस दौरान 2027-28 के बजट अनुमान और 2026-27 के पुनरीक्षित अनुमान पर भी चर्चा की जाएगी। वित्त विभाग सभी विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर बजट से संबंधित प्रस्तावों और वित्तीय जरूरतों की समीक्षा करेगा।

बजट संबंधी बैठकों से तीन दिन पहले संबंधित विभागों को बजट मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। सितंबर महीने में अलग-अलग विभागों के साथ चरणबद्ध तरीके से बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में विकसित मध्यप्रदेश-2047 की वित्तीय रूपरेखा को ध्यान में रखते हुए लंबी अवधि की योजनाओं और वित्तीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर मंथन किया जाएगा।

इंदौर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 45 लाख रुपये की शराब जब्त की है। देव नगर इलाके में एक संदिग्ध आयशर वाहन की तलाशी के दौरान पैरिस रोज प्रीमियम व्हिस्की की खेप बरामद हुई। दो दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। आबकारी विभाग अब शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रहा है। टीम शराब की खेप के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।

राजधानी भोपाल में रविवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। रखरखाव कार्य के चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक करीब छह घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। गोविंद गार्डन कॉलोनी, गोविंदपुरा मार्केट, न्यू सुभाष नगर, अशोक नगर, अर्जुन नगर, चंबल कॉलोनी, अशोका इन्क्लेव, शालीमार कॉम्पलेक्स, पुल बोगदा और बाग दिलकुशा समेत कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित रहने की जानकारी दी गई है।

इसके अलावा शिव नगर फेस-1, 2, 3 और 4, नवाब कॉलोनी, पन्ना नगर, देवकी नगर, लालघाटी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, बरेला गांव, नक्कार खाना, कोहेफिजा रोड, नीम रोड, तहसील रोड, पीरगेट चौराहा, मालीपुरा, लखेरापुरा, गुर्जरपुरा, इमामी गेट, रेत घाट, अलीगंज, चौकी इमामबाड़ा, सिंधी मार्केट, नूरमहल रोड और कुम्हारपुरा सहित आसपास के इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।