छिंदवाड़ा: मोहखेड़ पुलिस ने तीन दिन में हत्या का मामला सुलझाया, पिता गिरफ्तार; लकड़ी की पटिया जब्त
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कामठी में कमलेश राऊत की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता मेहताप राऊत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को हुई घटना में सिर पर लकड़ी की पटिया से वार करने और धक्का देने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी की पटिया जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञराज पटेल, छिंदवाड़ा l मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम कामठी में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक कमलेश राऊत की हत्या के मामले में उसके पिता मेहताप राऊत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ी की पटिया भी जब्त की है। मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को मेहताप ने पुलिस को सूचना दी कि उसका बेटा कमलेश कमरे में जमीन पर बिछे गद्दे पर मृत अवस्था में पड़ा है। उसके सिर के दाहिने हिस्से में चोट और खरोंच के निशान थे। सिर तथा गले पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे और दोनों कानों से खून निकलने जैसी स्थिति थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मर्ग पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों और गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने पाया कि कमलेश की मृत्यु 28 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे से शाम 4:50 बजे के बीच हुई थी। जांच में सिर पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट पहुंचाने और गला दबाने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आई घटना की वजह
पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार बरकड़े के मार्गदर्शन में मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम प्रभारी निरीक्षक सुनील उइके ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घर के सदस्यों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस के अनुसार, संदेह के आधार पर मृतक के पिता मेहताप राऊत, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम कामठी से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि 28 सितंबर को सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच कमलेश शराब पीकर घर आया था और पैसे मांगने को लेकर विवाद करने लगा। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर मेहताप ने लकड़ी की पटिया से कमलेश के सिर पर वार किया और उसे धक्का दिया। इसके बाद कमलेश पलंग पेटी के सिरहाने लगे एंगल से टकराकर जमीन पर गिर गया। शरीर में हलचल नहीं होने पर उसे गद्दे पर लिटाकर आरोपी के खेत चले जाने की बात सामने आई।
लकड़ी की पटिया जब्त, आरोपी न्यायालय में पेश
पुलिस ने आरोपी मेहताप राऊत को विधिवत गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ी की पटिया जब्त की। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने साक्ष्य छिपाने का प्रयास भी किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील उइके, सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र बिंदवारी, बिसराम इनवाती तथा आरक्षक संतोष नर्वेती और रविदास बरमैया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।