चोरी का मोबाइल खरीदने और लॉक तोड़ने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद

जयनगर थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल को खरीदकर रखने और उसका लॉक तोड़कर इस्तेमाल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल बरामद किया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त और उसके लॉक को तोड़ने में शामिल आरोपियों तक पहुंच बनाई।

Sep 6, 2026 - 08:52
 0  3
चोरी का मोबाइल खरीदने और लॉक तोड़ने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. विकास श्रीवास्तव, सूरजपुर l चोरी के मोबाइल को खरीदकर रखने और उसका लॉक तोड़कर इस्तेमाल करने के मामले में जयनगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सरफराज साह पिता शोयब साह उम्र 26 वर्ष निवासी मायापुर थाना कोतवाली अम्बिकापुर और सज्जाद अंसारी पिता मोहम्मद उमर अंसारी उम्र 29 वर्ष निवासी मोमिनपुरा थाना कोतवाली अम्बिकापुर के रूप में हुई है।

मामले में ग्राम ठाकुरपुर अम्बिकापुर निवासी क्षितिज कुमार ने थाना जयनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 29 जून 2026 को वह अपने दोस्त विशाल की स्कूटी से सूरजपुर में आयोजित दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने आया था। शाम को दोनों स्कूटी से अम्बिकापुर वापस जा रहे थे। इसी दौरान अजबनगर के पास स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद दोनों स्कूटी को पैदल काली घाट तक ले जाने लगे।

इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों युवकों ने उनसे बातचीत की और पेट्रोल लेने साथ चलने तथा वापस छोड़ने की बात कही। इसके बाद क्षितिज उनके साथ मोटरसाइकिल से वैष्णवी पेट्रोल पम्प पहुंचा। पेट्रोल पम्प पर मोटरसाइकिल में सवार दोनों युवकों में से एक ने फोन करने की बात कहकर क्षितिज से मोबाइल मांगा। मोबाइल हाथ में लेते ही वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां से फरार हो गया।

घटना के बाद प्रार्थी ने थाना जयनगर पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने चोरी के मामलों में बारीकी से विवेचना करते हुए आरोपियों की पतासाजी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश थाना और चौकी प्रभारियों को दिए थे। इसी क्रम में जयनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही मोहम्मद सरफराज साह को पकड़कर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान सरफराज ने चोरी का एक मोबाइल खरीदकर अपने पास रखना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि उसने उक्त मोबाइल एक व्यक्ति से खरीदा था। इसके बाद मोबाइल का लॉक खुलवाने के लिए उसने अम्बिकापुर के मोमिनपुरा निवासी सज्जाद अंसारी से संपर्क किया। सज्जाद अंसारी ने मोबाइल का लॉक तोड़ दिया, जिसके बाद सरफराज उस मोबाइल का उपयोग करता रहा।

सरफराज से मिली जानकारी के आधार पर जयनगर पुलिस ने सज्जाद अंसारी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे भी पकड़ लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, प्रधान आरक्षक दीपक दुबे, सुशील तिवारी, आरक्षक सुरेश साहू और अम्बिका मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में चोरी के मोबाइल की खरीद करने और उसका लॉक तोड़कर उपयोग करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।