महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर बाबा साहेब सेवा संस्था ने दी श्रद्धांजलि
कोंडागांव में बाबा साहेब सेवा संस्था ने महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि मनाते हुए उनके चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। संस्था सदस्यों ने फुले के सामाजिक सुधार कार्यों पर चर्चा कर उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव। कोर्ट चौक स्थित बाबा साहेब सेवा संस्था कार्यालय में रविवार की संध्या महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था सदस्यों ने फुले के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए और उनके जीवन संघर्ष और सामाजिक उत्थान के कार्यों को याद किया।
ज्ञात हो कि हर वर्ष 28 नवंबर को महात्मा फुले की पुण्यतिथि मनाई जाती है। 28 नवंबर 1890 को उनका निधन हुआ था। संस्था के सदस्यों ने इस अवसर पर उनके शिक्षा सुधार, जातीय भेदभाव के खिलाफ लड़ाई और सत्यशोधक समाज की स्थापना जैसे योगदानों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें फुले के सिद्धांतों को समाज में लागू करने और समानता के उनके संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक पंचू सागर, प्रमोद भारती, अध्यक्ष भुवन लाल मार्कंडेय, देवानंद चौरे, मुकेश मार्कंडेय, हितेंद्र श्रीवास, पुष्कर सिंह मांडवी, अनुज नहारिया, तथ्यशील चौरे, संदीप वासनिकर, श्वेता वासनिकर सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।