रामानुजगंज एवं बलरामपुर में स्वस्थ पंचायत मितानिन सम्मेलन, कृषि मंत्री रामविचार नेताम हुए शामिल
छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज एवं बलरामपुर में आयोजित स्वस्थ पंचायत मितानिन सम्मेलन में कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों, सरपंचों और एएनएम को सम्मानित किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। नगरपालिका परिषद रामानुजगंज के पंडित दीनदयाल सभागार में स्वस्थ पंचायत मितानिन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आदिमजाति विकास एवं किसान कल्याण, मछली पालन एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम द्वारा मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ी महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर मंत्री नेताम ने रामानुजगंज में महतारी सदन तथा विकासखंड अंतर्गत सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मितानिनों की बैठक के लिए शेड निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंचों, एएनएम एवं मितानिन दीदियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मंत्री नेताम ने कहा कि कठिन और विपरीत परिस्थितियों में भी मितानिन दीदियां निरंतर सेवा भाव से कार्य कर रही हैं। उनके सहयोग से ही स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार संभव हो पा रहा है तथा संस्थागत प्रसव के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने सभी से स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील भी की।
सम्मेलन के दौरान जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 260 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नए मितानिन नियुक्ति, महतारी वंदन योजना, आंगनबाड़ी संबंधी समस्याएं, सड़क निर्माण, मितानिन प्रोत्साहन राशि तथा हैंडपंप एवं नाली निर्माण से जुड़े आवेदन शामिल रहे। मंत्री नेताम ने कई आवेदनों का मौके पर निराकरण किया तथा शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज अध्यक्ष रमन अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जनपद सीईओ रणवीर साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में मितानिन दीदियां उपस्थित रहीं।